शाजापुर के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय में मंगलवार को हुई मारपीट की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आई। वीडियो आने के बाद लालघाटी पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई छात्र विजय धाकड़ की शिकायत पर की गई है। लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि फरियादी विजय धाकड़ (22) निवासी सुनेरा बी.के.एस.एन कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। छात्र ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब 1.30 बजे वह कॉलेज परिसर में धूप में बैठा था। पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विकास सावले अपने साथियों मनीष नाथ, बालू सौराष्ट्रीय और मनीष पवैया के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने छात्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब छात्र ने गाली देने से मना किया, तो चारों ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शिकायत के अनुसार, विकास सावले ने पास पड़े लोहे के पाइप से छात्र के सिर पर वार किया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। जान से मारने की धमकी देकर अरोपी फरार मारपीट के दौरान विजय के दोस्त अरविंद चोखटिया और सुनील गुर्जर बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोपी जाते-जाते छात्र को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से पहले घायल छात्र का मेडिकल कराया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पीड़ित छात्र विजय धाकड़ ने बताया कि हमलावरों का आपसी विवाद चल रहा था। उसने सोमवार को एक्सीलेंस ग्राउंड में उन्हें समझाने की कोशिश की थी, उसी दौरान एक युवक को थप्पड़ लग गया था। इसके बाद मंगलवार को ये लोग 15-20 की संख्या में धोखे से आए और उस पर हमला कर दिया।


