इंदौर के निजी कॉलेज से घर जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी ड्यूटी खत्म कर निकला था। मामले में परिजनों को सूचना लगने के बाद वह मौके पर पहुंचे। लेकिन युवक की यहां मौत हो चुकी थी।
लसूडिया पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार शाम अरड़िया बायपास के पास की है। यहां अभिषेक(23) पुत्र अनिल रजक हादसे का शिकार हो गया। पुलिस के मुताबिक वह निजी कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। शाम को ड्यूटी खत्म होने के बाद ही नजदीक अपने रूम पर जाने के लिए निकला था। इस दौरान वह सड़क क्रॉस हो रहा था। तभी उसे किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। अभिषेक कई फिट दूर जा गिरा। उसके मोबाइल से परिचितों को कॉल गए। फिर परिवार को जानकारी लगी।
चाचा ब्रजेश ने बताया कि वह मूल रूप से गुना के रहने वाले हैं। अभिषेक करीब 10 माह से इंदौर में विस्तारा कॉलोनी में उनके साथ में ही रहता था। 8 दिन पहले उसने कॉलेज के पास रूम लिया था। उसने कहां था कि उसका आना-जाना दूर होता है। वहीं डबल ड्यूटी भी करने में आसानी होगी। अभिषेक के पिता गुना में सीमेंट फैक्ट्री में काम करते हैं। दो बड़े भाई वहीं रहते हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में मर्ग कायम कर टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।


