कोंडागांव के कॉलेज छात्रों ने किया फिश फार्म का दौरा:मत्स्य विभाग ने बताई मछली पालन की तकनीक, स्वरोजगार की जानकारी दी

कोंडागांव के शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एमएससी. प्राणिशास्त्र के छात्रों ने कोपाबेड़ा स्थित फिश फार्म का शैक्षणिक भ्रमण किया। प्राचार्य डॉ. सी.आर. पटेल के निर्देशन में यह भ्रमण विभागाध्यक्ष शोभाराम यादव और अतिथि व्याख्याता हितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में हुआ। फार्म के सहायक मत्स्य अधिकारी योगेश कुमार देवांगन ने छात्रों को मत्स्य पालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हैचरी के विभिन्न हिस्सों जैसे ओवर हेड टैंक, ब्रीडिंग पूल और नर्सरी पूल के बारे में बताया। साथ ही मछली के जीवन चक्र में अंडा, फ्राई और फिंगरलिंग की भूमिका समझाई। तालाब निर्माण और रखरखाव की जानकारी दी छात्रों को तालाब निर्माण और रखरखाव की जानकारी दी गई। मछली पालन में भौतिक-रासायनिक कारकों के महत्व को समझाया गया। बीमारियों की रोकथाम और मछलियों के भोजन के बारे में भी बताया गया। प्रेरित प्रजनन के लिए ओवाटाइड इंजेक्शन के उपयोग का सही समय भी बताया गया। देवांगन ने छात्रों को मत्स्य पालन में स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराया। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और अनुदान की जानकारी दी। विभागाध्यक्ष यादव ने छात्रों को परीक्षा के बाद इस क्षेत्र में करियर बनाने का सुझाव दिया। फिश फार्म में ऊर्जा संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां सक्शन पंप का उपयोग कर ऊपरी तालाब के पानी से उत्पादन किया जाता है। इस भ्रमण में हर्षवर्धन श्रीवास, सुष्मिता, चंचल, डिगेश्वरी समेत कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *