कोंडागांव पुलिस ने सोमवार को गोवंश हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गोवंश हत्या जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दरअसल, कोंडागांव थाना पुलिस की 1 फरवरी को सूचना मिली थी कि लंजोड़ा-भेलवापारा क्षेत्र के एक खेत के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर मांस काट रहे हैं। सूचना मिलते ही कोंडागांव थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां से कटे हुए गोवंश के अवशेष, मांस और घटना में इस्तेमाल की गई सामग्री बरामद की गई। इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई मौके पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम को बुलाया गया, जिसने परीक्षण के बाद गोवंश हत्या की पुष्टि की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु संरक्षण अधिनियम 2011 की धारा 4, 5, 6 और 10 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शेखर मरकाम (30), धरिया उर्फ फनु राम मरकाम (55), जुगधर मरकाम (55), सोमराज नेताम (55), शुकलाल मरकाम (40), मंगल साय नेताम (55) और चैत राम मरकाम (55) शामिल हैं। ये सभी आरोपी ग्राम लंजोड़ा-भेलवापारा के रहने वाले हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


