कोंडागांव में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 16वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से 40 विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए हरियाणा के गुरुग्राम भेजा है। इस विशेष दल में 20 युवक और 20 युवतियां शामिल हैं, जो कोंडागांव जिले के साथ-साथ नारायणपुर के फरसगांव, छोटेडोंगर और ओरछा क्षेत्र से चुने गए हैं। यह कार्यक्रम आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी कोंडागांव द्वारा नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से आयोजित किया गया है। सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना मुख्य उद्देश्य आईटीबीपी 29वीं वाहिनी के कमांडेंट विजय राज जयसवाल ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य आदिवासी युवाओं को देश की सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। 15 सालों से हो रहा आयोजन पिछले 15 सालों से आईटीबीपी आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और सुरक्षा संबंधी सहायता प्रदान कर उनका सशक्तिकरण कर रही है। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी न केवल नए स्थानों की जानकारी प्राप्त करेंगे, बल्कि विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेंगे। नियमित रूप से खेल का आयोजन आईटीबीपी नियमित रूप से युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर और कौशल विकास कार्यक्रम भी आयोजित करती है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।


