भास्कर न्यूज | प्रतापपुर नगर पंचायत में संचालित सीबीएसई अचीवर्स इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रतापपुर का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लों ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय की गतिविधियों और भावी योजनाओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। परीक्षा परिणाम की घोषणा प्राचार्य अशोक तिवारी ने की। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में छात्रों और अभिभावकों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ध्यान केवल लक्ष्य पर केंद्रित होना चाहिए। कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। असफल वही होता है, जो परिस्थितियों से हार मान लेता है। यदि लक्ष्य पाने का जुनून और जज्बा हो, तो सफलता अवश्य मिलती है। मुख्य अतिथि ने सभी कक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इंटरनेशनल साइंस, मैथ्स और इंग्लिश ओलंपियाड में जिला स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल मैनेजमेंट से प्रेमवती मिश्रा, सेवानिवृत्त वन परिक्षेत्र अधिकारी वीरेंद्र पांडेय, हायर सेकेंडरी स्कूल रनहत के प्राचार्य घनश्याम पांडेय, प्रवीण दुबे सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


