कोटपूतली के राजकीय एलबीएस पीजी कॉलेज ने पीजी प्रीवियस ईयर के लिए अंतरिम मेरिट लिस्ट और प्रथम वेटिंग लिस्ट जारी कर दी है। प्राचार्य डॉ. आर के सिंह ने बताया कि प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज में खुद आकर दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा। महाविद्यालय में राजस्थान अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा 21 सितंबर तक चलेगी। इसी कारण डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख 23 से बढ़ाकर 27 सितंबर कर दी गई है। विद्यार्थी 23 से 27 सितंबर के बीच किसी भी दिन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवा सकते हैं। नोडल प्रभारी डॉ. सीमा पंत के मुताबिक, विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं, 12वीं और स्नातक के सभी वर्षों के रिजल्ट लाने होंगे। साथ ही टीसी, सीसी, बोनस दस्तावेज, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, बधाई पत्र और मूल आवेदन की प्रिंट कॉपी भी जरूरी है। दस्तावेज सत्यापन के बाद विद्यार्थियों को 27 सितंबर तक ई-मित्र पर फीस जमा करवानी होगी। दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा होने के बाद ही प्रवेश की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।


