कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश का दौर आज सुबह तेज हो गया। जिले के विभिन्न हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। इससे पहले रविवार को भी मौसम में बदलाव देखा गया था। लगातार हो रही बारिश से पिछले दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्मी से लोगों को राहत मिली है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कृषि उप निदेशक डॉ. रामजी लाल यादव ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। इससे रबी की फसल की बुवाई जल्द शुरू हो सकेगी। डॉ. यादव के अनुसार, जिन इलाकों में अच्छी बारिश हुई है, वहां किसानों को सिंचाई की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरसों की बुवाई के लिए अक्टूबर का महीना सबसे उपयुक्त होता है, क्योंकि इस समय बोई गई फसल को पाले से कम नुकसान होता है और अच्छी पैदावार मिलती है। किसान अक्टूबर के अंत तक या नवंबर के पहले सप्ताह तक भी बुवाई कर सकते हैं।


