कोटपूतली-बहरोड़ जिले में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास रथों का शुभारंभ किया गया। राजकीय एलबीएस महाविद्यालय परिसर से जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने विधानसभावार चार विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन विकास रथों का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और नीतियों की जानकारी आमजन तक सीधे पहुंचाना है। इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार अपनी जवाबदेही निभाते हुए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख रही है। विकास रथ गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक जाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे। मंत्री चौधरी ने आमजन से अपील की कि वे विकास रथों में उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने सुझाव अवश्य दें। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने वाले सुझावों को आगामी बजट और नीतिगत निर्णयों में शामिल किया जाएगा, जिससे योजनाएं और अधिक प्रभावी बन सकें। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तेज विकास विजय सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में प्रदेश में लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिले हैं। राइजिंग राजस्थान और निवेश की तस्वीर मंत्री ने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ अभियान के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए गए हैं। इनमें से करीब 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है, जिससे आने वाले समय में उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर जोर स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 25 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 70 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ा गया है। इसके अलावा गरीब परिवारों की महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेंडर और लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को 1.50 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। कार्यक्रम में कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव, बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत, जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और आमजन उपस्थित रहे।


