कोटपूतली बहरोड जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 48,503 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। विभाग ने अपनी वेबसाइट पर नाम हटाने के कारणों का विस्तृत विवरण भी उपलब्ध कराया है। 10,902 मतदाताओं का निधन जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका गोस्वामी ने बुधवार को यह ड्राफ्ट जारी किया। इसमें बताया गया है कोटपूतली-बहरोड़ जिले के 9,75,219 मतदाताओं में से 9,26,716 मतदाताओं ने प्रपत्र भरकर जमा करवाए थे। 30,295 मतदाता कोटपूतली बहरोड जिले से अन्य शहरों में स्थानांतरित हो गए और 10,902 मतदाताओं का निधन हो गया, जिनके नाम हटाए गए है। यह नई मतदाता सूची भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारियों को भी सौंप दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सूचित किया कि मतदाता सूची पर आपत्तियां 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इसके बाद, मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी 2026 को होगा। 146 नए मतदान केंद्र बनाए जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि जिले में उन मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है जहाँ 1200 से अधिक मतदाता थे। इसके तहत 146 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब कोटपूतली बहरोड जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 929 से बढ़कर 1075 हो गई है, यह सुनिश्चित करते हुए कि किसी भी केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता न हों। नए मतदाता कैसे जुड़वाए अपना नाम ? ऐसे नागरिक जो 1 अप्रैल 2026, 1 जुलाई 2026 या 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके होंगे, वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और निर्धारित घोषणा पत्र भरकर आवेदन कर सकते हैं। राज्य से बाहर स्थानांतरित होने वाले मतदाताओं को फॉर्म-8 के साथ घोषणा पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।


