कोटपूतली में नवगठित जिले के औद्योगिक और आर्थिक विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यालय कोटपूतली की ओम विहार कॉलोनी में स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। लोगों ने इस पहल को मील का पत्थर बताया
कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर प्रथम जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी भंवरलाल सैनी का स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और प्रबुद्धजनों द्वारा पारंपरिक साफा पहनाकर और माला अर्पित कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने इस पहल को जिले के लिए मील का पत्थर बताया। नए उद्योगों की स्थापना को भी मिलेगा प्रोत्साहन
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अब तक उद्योग से जुड़े कार्यों के लिए स्थानीय उद्यमियों को जयपुर या अन्य दूरस्थ जिलों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और संसाधनों की हानि होती थी। नए जिला कार्यालय के खुलने से अब उद्योग पंजीकरण, योजनाओं की जानकारी, अनुदान, ऋण संबंधी प्रक्रियाएं और अन्य प्रशासनिक कार्य स्थानीय स्तर पर ही संपन्न हो सकेंगे। इससे न केवल व्यवसाय करना आसान होगा, बल्कि क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना को भी प्रोत्साहन मिलेगा। “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” बढ़ेगा
वक्ताओं ने यह भी कहा कि औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पलायन पर भी रोक लगेगी। यह कार्यालय “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मोहनलाल सैनी, बिल्लूराम सैनी, प्रदीप सैनी, बाबूलाल सैनी, मनोज कुमार सैनी, राहुल सैनी, जितेन्द्र यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने जिले के औद्योगिक भविष्य को लेकर आशा और विश्वास व्यक्त किया।


