कोटपूतली में डिजिटल जनगणना की तैयारियां शुरू:अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच मकान सूचीकरण, फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना

कोटपूतली में आगामी जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह जनगणना पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी। जानकारी जुटाने के लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। इस संबंध में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक इकाइयों की सूची और नक्शों के सत्यापन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिला कलेक्टर और एडीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग बाबूलाल मीना ने बताया कि जनगणना का काम राष्ट्र हित से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 2011 के बाद हुए सीमा परिवर्तनों, नई नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों के नक्शों का बारीकी से सत्यापन करने पर जोर दिया। हाईटेक जनगणना होगी गृह मंत्रालय, भारत सरकार से आई जनगणना टीम ने बताया कि इस बार की जनगणना पहले से ज्यादा हाईटेक होगी। कागज की जगह मोबाइल ऐप से डेटा दर्ज किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी। जनगणना दो चरणों में होगी। पहला चरण अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच मकान सूचीकरण और आवास गणना का होगा। दूसरा चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना के रूप में पूरा किया जाएगा। इस बार प्रश्नावली में भी बदलाव किया गया है। नागरिकों से कुल 33 तरह की जानकारियां ली जाएंगी, जिनमें खान-पान की आदतें, घर में इंटरनेट और स्मार्टफोन की सुविधा, वाहन, मकान की बनावट, पेयजल, शौचालय और रसोई में इस्तेमाल होने वाले ईंधन से जुड़ी जानकारी शामिल होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *