कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में रात से ही तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम में अचानक बदलाव आ गया। इस दौरान बिजली की चमक भी देखी गई। कोटपूतली में अब तक 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बरसात के कारण राजमार्ग पर वाहनों की गति धीमी हो गई और कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे सर्दी बढ़ गई है। शादियों पर पड़ा असर मौसम में आए इस बदलाव का असर वैवाहिक समारोहों पर भी पड़ा है। बसंत पंचमी के अवसर पर कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 400 से अधिक शादियों का आयोजन हो रहा है। बारिश के कारण शादी वाले परिवारों की चिंताएं बढ़ गई हैं। बसंत पंचमी को अबूझ सावा माना जाता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। हालांकि, अचानक बदले मौसम के कारण इन कार्यक्रमों की समय-सारणी, आवाजाही, सजावट और अन्य तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।


