कोटपूतली में मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार शाम को नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा की पंचायत कल्याणपुरा में लगे शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्मिकों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सेवा की भावना से कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। मंत्री खर्रा ने इस दौरान लाभार्थियों को पीएम आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना के तहत चेक वितरित किए। साथ ही पट्टे, फायर एनओसी, विवाह पंजीयन पत्र, पोषण किट और हाइब्रिड बीज भी प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 17 सितंबर से आयोजित इन शिविरों के माध्यम से शहर में रहने वाले नागरिकों के जन्म, मृत्यु, विवाह पंजीकरण, पट्टे, नामान्तरण, ट्रेड लाइसेंस एवं ऋण स्वीकृति जैसे कार्य त्वरित और पारदर्शी रूप से पूरे किए गए हैं। इसके अलावा, सड़कों, नालियों और सीवर लाइन की मरम्मत, सार्वजनिक स्थानों का सौंदर्यीकरण व लाइटें लगाने जैसे जनोपयोगी कार्य भी प्राथमिकता से किए गए हैं। खर्रा ने कहा कि ये शिविर आमजन की उम्मीदों को पूरा करने का माध्यम हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को सभी जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से लेकर उसका प्राथमिकता से निस्तारण करने पर जोर दिया। मंत्री ने प्री-कैंप में चिह्नित रोशनी, सफाई सहित मूलभूत आवश्यकताओं को शिविरों के माध्यम से निस्तारित करने और अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी परिवाद ऑनलाइन दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे नियमित निगरानी हो सके और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने राजकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा। विकास कार्यों के बारे में बताया
कल्याणपुरा शिविर निरीक्षण के दौरान विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ ने मंत्री को क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों और आवश्यक सुधारों के बारे में अवगत कराया, जिस पर मंत्री खर्रा ने सकारात्मक प्रयास का आश्वासन दिया। ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, एसडीएम नीमराना महेंद्र सिंह, एसडीएम पावटा कपिल उपाध्याय, अधिशासी अधिकारी नीमराना विक्रम सिंह, अधिशासी अधिकारी पावटा फतेह सिंह मीणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


