कोटपूतली में आगामी 21 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर एक बैठक हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटपूतली-बहरोड़ की सचिव डिम्पल जंडैल की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों के साथ ये बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व से संबंधित अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुनिश्चित करना था। इस दौरान लोक अदालत के माध्यम से राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव डिम्पल जंडैल ने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आगामी लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा राजस्व प्रकरणों को सूचीबद्ध कर उनका समाधान करवाएं। बैठक में एडीएम ओमप्रकाश सहारण, एएसपी नाजिम अली खान, एसडीएम रामावतार मीणा सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


