कोटपूतली में सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई, 150 किलो जब्त:मिशन लाइफ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, कपड़े के थैले बांटे

राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने और मिशन लाइफ अभियान के तहत कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पर्यावरण विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्षेत्रीय अधिकारी राजकुमार सेहरा ने बताया कि इन गतिविधियों का आयोजन राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) के क्षेत्रीय कार्यालय कोटपूतली-बहरोड़, जिला प्रशासन, नगर परिषद और शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्रों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। इसमें बच्चों ने “पेड़ बचाओ”, “प्लास्टिक का उपयोग न करें” और “प्रकृति को बचाओ” जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद कोटपूतली की कृषि मंडी में एकल उपयोग प्लास्टिक (Single Use Plastic) के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद और क्षेत्रीय अधिकारी की उपस्थिति में आम जनता को कपड़े के थैले वितरित किए गए। जिला कलेक्टर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कपड़े के थैलों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने प्लास्टिक के पर्यावरणीय दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी और अपील की कि नागरिक अपने घरों में पुराने कपड़ों से थैले बनाकर दैनिक उपयोग में लाएं, जिससे प्लास्टिक का उपयोग कम हो सके। इसके अलावा, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने ई-कचरा (E-Waste) संग्रहण अभियान भी शुरू किया, जिसका उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण सुनिश्चित करना है। नगर परिषद कोटपूतली और RSPCB की संयुक्त टीम ने प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए विभिन्न दुकानों से लगभग 150 किलोग्राम एकल उपयोग प्लास्टिक जब्त किया। एचएनवी कास्टिंग, एग्रो एलाइड, सकारनी और इचिबान जैसे औद्योगिक हितधारकों ने अपने परिसरों को एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त बनाने की शपथ ली, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *