कोटपूतली में होटल स्टाफ ने दिल्ली के एक प्रॉपर्टी इन्वेस्टर हर्षदीप चौधरी के भूले हुए दो लाख रुपए होटल कर्मचारियों ने सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। यह घटना आंतेला के पास स्थित शिवा ढाबा में हुई। दरअसल हर्षदीप चौधरी प्रॉपर्टी निरीक्षण के बाद देर रात होटल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए दो लाख रुपए तकिए के नीचे रख दिए थे। सुबह वे जल्दी में त्रिवेणी धाम दर्शन के लिए निकल गए और पैसे कमरे में ही भूल गए। दर्शन के दौरान उन्हें होटल के रिसेप्शन से संजय कुमार का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनका कुछ सामान छूट गया है। चौधरी के वापस लौटने पर कर्मचारी मनोज कुमार ने रिसेप्शन पर संजय कुमार और मैनेजर ईश्वर सिंह की मौजूदगी में पूरे दो लाख रुपए उन्हें सुरक्षित लौटा दिए। होटल स्टाफ की इस ईमानदारी से हर्षदीप चौधरी काफी प्रभावित हुए। उन्होंने मनोज कुमार और पूरी होटल टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी सच्चाई आज के समय में लोगों का भरोसा बढ़ाती है।


