कोटा की फिल्म निर्माता, एक्ट्रेस और अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में बेस्ट एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित मौलश्री अपनी मूवी टीम के साथ कोटा पहुंची। मौलश्री की फिल्म नुक्कड़ नाटक 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म नुक्कड़ नाटक को इंडो जर्मन वीक फेस्टिवल में बेस्ट सोशल इम्पैक्ट मूवी और बेस्ट डेब्यू फिल्म का पुरस्कार मिल चुका है। वे अपने स्कूल के छोटे बच्चों के साथ उनकी फिल्म के गाने क से कोयल कू-कू करती को रुचिकर तरीके से बढ़ावा देने के लिए बच्चों के साथ गाएंगी। यह गाना यू ट्यूब पर रिलीज किया जा चुका और फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है। कोटा की मौलश्री सिंह ने जर्मनी के बर्लिन में आयोजित प्रतिष्ठित इंडो-जर्मन फिल्म वीक में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता है और लंदन में यूके एशियन फिल्म फेस्ट की अवॉर्ड सेरेमनी में फिल्म नुक्कड़ नाटक के लिए मौलश्री को सोलो बेस्ट एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। यह मूवी गरीब तबके के बच्चों को स्कूल से जोड़ने और आईआईटी के स्टूडेंट्स पर आधारित है। कोटा में जन्मी मौलश्री की स्कूली शिक्षा सोफिया गर्ल्स स्कूल में हुई। मौलश्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेजी ऑनर्स में डिग्री प्राप्त की। एक्टर प्रोड्यूसर के रूप में नुक्कड़ नाटक उनकी पहली फीचर फिल्म है। इस फिल्म में कच्ची बस्ती के गरीब एवं पिछड़े वर्ग के अशिक्षित बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने को लेकर फिल्मांकन किया गया है। मूवी से जुड़ी टीम गुरुवार को सिटी मॉल में भी लोगों के बीच पहुंचेगी।


