कोटा ग्रामीण पुलिस ने 7.46-लाख की अफीम-डोडा चूरा तस्करी पकड़ी:होंडा सिटी कार में 14-किलो से अधिक मादक पदार्थ के साथ पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

कोटा ग्रामीण जिले के कनवास थाना पुलिस ने ऑपरेशन रूट क्लियरेंस के तहत अंतर्राज्यीय अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 7 लाख 46 हजार 800 रुपये कीमत के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। ग्रामीण पुलिस ने 1 किलो 79 ग्राम अफीम और 13 किलो 820 ग्राम डोडा चूरा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, वहीं तस्करी में प्रयुक्त एक होंडा सिटी कार को भी जब्त किया गया है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि आज पुलिस थाना कनवास की विशेष टीम ने कोटा-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कनवास तिराहे के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए। मौके से गुरप्रीत सिंह (35) निवासी तंगराली, थाना तलवंडी, जिला भठिंडा (पंजाब) और मनजीत (43) निवासी जगरामतीर्थ, थाना तलवंडी, जिला भठिंडा (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई कोटा ग्रामीण एडिशनल एसपी रामकल्याण मीना और डीएसपी सागोद नरेंद्र जैन के निर्देशन में थानाधिकारी अनूप सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में गहन अनुसंधान किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *