कोटा के थर्मल पावर प्लांट के गेट नंबर एक के पास करीब 8 फीट लंबा भारी भरकम अजगर अचानक दिखाई दिया। अजगर को देखते ही मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे। कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद अजगर को पास के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया- थर्मल पावर प्लांट के आसपास घना जंगल क्षेत्र मौजूद हैं, जिसकी वजह से यहां अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। इस क्षेत्र में पहले भी लेपर्ड, भालू, सियार, ब्लैक कोबरा और अजगर जैसे वन्य जीव कई बार नजर आ चुके हैं। यह भी बताया कि दो दिन पहले ही यहां काम करने वाली लेबर को एक लेपर्ड दिखाई दिया था। कुछ दिन पहले लेपर्ड के शावक भी देखे गए थे। दिसंबर में एक युवक को अजगर ने जकड़ लिया था गोविंद शर्मा ने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए बताया- दिसंबर 2025 में यहां काम करने वाले एक कर्मी को एक अजगर ने कुंडली बनाकर जकड़ लिया था। उस दौरान मजदूर को बचाने के प्रयास में अजगर को डंडों से बुरी तरह पीट दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। प्रशासन ने जारी किए थे निर्देश
इसी घटना के बाद प्रशासन और थर्मल प्रबंधन को यह निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर लोग उससे दूरी बनाए रखें। तुरंत वन विभाग या स्नेक कैचर को सूचना दें, ताकि वन्य जीव और कर्मचारी दोनों सुरक्षित रह सकें।


