कोटा के आरके पुरम थाना क्षेत्र से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां के बाल सुधार गृह से दो नाबालिग कैदी भाग निकले, जिनकी उम्र 16 और 17 साल है। ये दोनों गंभीर अपराधों में सजा काट रहे थे बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 7:30 बजे की यह वारदात हुई। सुधार गृह में तैनात एक गार्ड ने इन दोनों को चाय बनाने के बहाने गेट के अंदर ही बाहर निकाला। इसी दौरान मौका पाकर दोनों किशोर गार्ड को चकमा देकर फरार हो गए। फरार होने की सूचना मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की छानबीन शुरू कर दी। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि 16 साल का नाबालिग उद्योग नगर थाने में चाकू दिखाकर लूट की वारदात के मामले में बंद था। वहीं, 17 साल का दूसरा नाबालिग गुमानपुरा थाने में बच्चे के अपहरण के आरोप में सजा काट रहा था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और गार्ड समेत स्टाफ से सख्त पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और इन फरार नाबालिगों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। साथ ही, जांच चल रही है कि आखिर किसकी लापरवाही से इतनी बड़ी चूक हुई,जिससे दोनों नाबालिग फरार होने में सफल हो गए।


