कोटा में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटों में दिन का तापमान बढ़ा है, जबकि रात का पारा लगभग 8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में वृद्धि से दिन में कोल्ड डे जैसी स्थिति समाप्त हो गई है, लेकिन रात की गलन अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 18 जनवरी तक मौसम साफ रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। बुधवार की सुबह शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रहा। हालांकि, सुबह 8 बजे के आसपास धूप निकली, लेकिन हल्के बादलों के कारण सूरज छिपा रहा। संक्रांति के बाद ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को कोहरा कम होने और आसमान साफ रहने से दिन में धूप निकली, जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार लगभग 4 किलोमीटर प्रति घंटा रही। पिछले चार दिनों से अधिकतम पारा 20 डिग्री से ऊपर दर्ज हो रहा है। धूप निकलने और तापमान बढ़ने से दिन की सर्दी का असर कम रहा है।


