कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास स्थित सु श्याम होटल पर शहर पुलिस ने वेश्यावृत्ति की सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। अंडर ट्रेनिंग आईपीएस और डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पर दबिश दी, जहां से 8 महिलाओं और 9 पुरुषों को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर नयापुरा थाने लाया गया है, जहां उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अंडर ट्रेनिंग आईपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से सु श्याम होटल पर छापा मारा। मौके पर 8 महिलाएं, 9 पुरुषों को संदिग्ध हालात में पाए गए, जिन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि यह होटल पहले भी पुलिस की कार्रवाई का सामना कर चुका है और पूर्व में भी यहां से महिलाएं पकड़ी जा चुकी हैं। इसके बावजूद दोबारा इस तरह की गतिविधियां सामने आने पर सख्त कदम उठाए गए हैं। आईपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि संदिग्ध गतिविधियों से अर्जित की गई राशि से बनाई गई संपत्तियों की जांच की जाएगी। कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है, जिसे न्यायालय में साक्ष्य के रूप में पेश किया जाएगा। यदि जांच में अवैध तरीके से प्रॉपर्टी बनाए जाने की पुष्टि होती है, तो उस पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस होटल में लंबे समय से वेश्यावृत्ति का धंधा चल रहा था, जिससे कॉलोनीवासी परेशान थे। लोगों ने आरोप लगाया कि होटल मालिक नरेश ओझा के पास तीन से चार होटल हैं और वह महिलाओं से गलत काम करवाता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की है कि होटल मालिक को भी गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के अवैध धंधों पर पूरी तरह रोक लग सके।


