कोटा में अभी भी खुले आम चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही है। दुकानों पर सादा मांझे के साथ चाइनीज मांझे भी बेचे जा रहे है। कोटा में संक्रांति पर्व पर जमकर पतंगबाजी होती है। एक महीने पहले से ही लोग छतों पर नजर आने लगते है ऐसे में एक महीने पहले ही बाजारों में भी बिक्री शुरू हो जाती है। अभी बाजार पतंगों और मांझे से सजे हुए है। ऐसे में बुधवार को नगर निगम की टीम ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास के नेतृत्व में बाजारों में औचक जांच की। रामपुरा इलाके में पतंग और मांझे के होलसेल व्यापारी काम करते है। ऐसे में रामपुरा इलाके में दुकानों में जाकर टीमों ने जांच की। राकेश व्यास ने बताया कि रामपुरा और नयापुरा में तीन दुकानों पर जांच में चाइनीज मांझे के रोल मिले है। पंद्रह चाइनीज मांझे के रोल जब्त किए गए जिन्हें मौके पर ही जला भी दिया गया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी भी दी गई है कि अगर दुबारा चाइनीज मांझे की बिक्री करते पाए गए तो दुकान सीज करने की भी कार्यवाही की जा सकती है। कानूनी कार्यवाही भी होगी। व्यास ने बताया कि शहर में अब रूटीन में औचक निरीक्षण किया जाएगा। चाइनीज मांझा बेचने के साथ साथ खरीदने वाले पर भी कार्यवाही होगी। गौरतलब है कि चाइनीज मांझे की वजह से हर साल कई हादसे होते है। पक्षी और मनुष्य इसकी वजह से घायल होते है। ऐसे में चाइनीज मांझे के उपयोग पर प्रतिबंध है।


