कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। छावनी स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास गुरुवार को तीन बदमाशों ने एक युवक पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कपिल महावर (19) निवासी संजय गांधी नगर के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। घायल कपिल महावर ने बताया- वह एक कार डेकोर की दुकान पर काम करता है। उसी दुकान पर काम करने वाले एक साथी रईस से उसका पैसों का लेनदेन चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आरोपी युवक उससे रंजिश रखने लगा। आरोपी ने दो दिन पहले फोन पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हमले की पूरी योजना बनाई। अकेला देखकर हमला किया घायल युवक ने बताया- कल आरोपी ने दुकान की छुट्टी ली हुई थी। जब वह एलआईसी बिल्डिंग के पास टॉयलेट करने के लिए गया, तभी आरोपियों ने उसे अकेला पाकर अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। फिर मौके से फरार हो गए। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस सूचना मिलने पर गुमानपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपियों की तलाश कि जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


