उत्तर प्रदेश में मनरेगा को लेकर किए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित छात्र नेताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कोटा में जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन NSUI जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा के नेतृत्व में राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की। NSUI जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा नेताओं ने कहा- मनरेगा जैसे जनहित से जुड़े मुद्दे पर आवाज उठाना हर नागरिक और छात्र का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं पर लाठीचार्ज करना लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। केंद्र और राज्य सरकार छात्रों की आवाज को दबा रहीं NSUI नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें छात्र की आवाजों को दबाने के लिए दमनकारी नीतियों का सहारा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन लोकतंत्र का प्रहरी होता है, यदि छात्र नेताओं पर इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो NSUI इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। NSUI देशभर में आंदोलन शुरू करेगी प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो NSUI देशभर में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन में नागेश शर्मा, भव्य पोरवाल, मुकुल सिंह सोलंकी, रजत कुमार, हेमंत आकोदिया, गौतम मीणा, यश राठौर, रिद्धम शर्मा, केशव मित्तल, यश गौतम, भानु शर्मा, रोहित मेघवाल, संयम जैन, हँसवी रावल, प्रतिभा पालीवाल सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।


