झालावाड़ के डग से बोजेपी विधायक कालूराम मेघवाल व उनके दो गनमैन सड़क हादसे में घायल हो गए।तीनो को इलाज के लिए कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में लाया गया। हादसे की सूचना पर सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम, डीएसपी मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना हैंगिंग ब्रिज के आगे शंभूपुरा तिराहे की है। बताया जा रहा है कि विधायक अपनी गाड़ी से कोटा से जयपुर जा रहे थे। गाड़ी में ड्राइवर सहित चार जने सवार थे। नान्त थाना SHO चेतन शर्मा ने बताया कि विधायक की गाड़ी हैंगिंग ब्रिज की तरफ से आ रही थी। जबकि एमपी नम्बर का ट्रक चित्तौड़ साइड से हैंगिंग ब्रिज की तरफ जा रहा था। ट्रक में प्याज भरे थे। जैसे ही विधायक की गाड़ी शंभूपुरा तिराहे से जयपुर की तरफ घूमी उसी समय ट्रक ने खलासी साइड पर टक्कर मार दी। हादसे में विधायक व उनके दो गनमैन के चोट लगी। जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया। ट्रक को जब्त कर थाने लाया जा रहा है। ट्रक ड्राइवर फरार है। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि घटना नांता थाना क्षेत्र की है। हादसे में डग विधायक कालूराम मेघवाल व उनके गनमैन मनीष व सुरेश के चोट लगी है। तीनों का इलाज चल रहा है। तीनो की हालत ठीक है। मेडिकल जांचे करवाई जा रही है।


