कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में स्थित जैन दिवाकर स्कूल के बाहर दो स्कूली छात्रों के बीच हुई मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई। घटना के दौरान एक छात्र ने चाकू से दूसरे छात्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तत्काल एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जैन दिवाकर स्कूल में कल शाम वार्षिक समारोह का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान कक्षा 10 में पढ़ने वाला छात्र चिरायु स्कूल के बाहर आया, जहां कुछ बाहरी युवक खड़े थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर चिरायु और बाहरी लड़कों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में तब्दील हो गई। झगड़े के दौरान एक युवक ने धारदार चाकू निकालकर चिरायु पर पीठ, सीने और हाथ पर तीन से चार बार वार कर दिया। घायल छात्र चिरायु ने बताया कि चाकू लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद अन्य छात्रों और लोगों ने तुरंत घायल छात्र को संभाला और उसे इलाज के लिए एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया। घटना के बाद स्कूल परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल छात्र के पिता ने बताया कि वे उस समय अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों ने उन्हें घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चिरायु को हॉस्पिटल में भर्ती कराया जा चुका था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा जैन दिवाकर स्कूल में कक्षा 10 का छात्र है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।


