कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने कहा कि राज्य स्तर पर हत्या के मामलों में 53 प्रतिशत की कमी हुई है, जबकि हत्या के प्रयास के मामलों में 5 प्रतिशत और लूट की घटनाओं में 56 प्रतिशत तक गिरावट देखने को मिली है। महिला अत्याचार से जुड़े मामलों में भी 18 प्रतिशत की कमी दर्ज होना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। कोटा शहर की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कोटा शहर में सड़क दुर्घटनाओं में पहले की तुलना में आई कमी उन्होंने बताया कि कोटा शहर में सड़क दुर्घटनाओं में भी पहले की तुलना में कमी आई है। हादसों में मृतकों की संख्या घटी है और भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को और कम करने के लिए ठोस रणनीति पर काम किया जा रहा है। ट्रैफिक गार्डन का लोकसभा स्पीकर जल्द करेंगे उद्घाटन ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ट्रैफिक ऑफिस में एक विशेष ट्रैफिक पार्क विकसित किया गया है। यहां ऑनलाइन चालान होने के बाद वाहन चालकों को पहले यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी, उसके बाद ही चालान प्रक्रिया पूरी होगी। इस ट्रैफिक गार्डन का उद्घाटन शीघ्र ही लोकसभा स्पीकर की ओर से किया जाएगा। नाबालिगों से तस्करी करवाने वालों के खिलाफ हुई कड़ी कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि नाबालिगों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और जेजे एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पिछले वर्ष करीब 10 करोड़ रुपए के अवैध मादक पदार्थ जब्त उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष करीब 10 करोड़ रुपए के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए। वहीं, चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भी पुलिस की तरफ से लगातार कार्रवाई जारी है और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।


