कोटा जिले की कनवास थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 20 लाख रुपए कीमत का 116 किलो 580 ग्राम डोडा चूरा पकड़ा।पुलिस ने तस्करी के आरोप में जोधपुर और नागौर निवासी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। दो दिन में कनवास पुलिस की ये दूसरी बड़ी कार्रवाई हुई। कनवास थाना SHO सुरेश कुमार शर्मा ने बताया- 6 जनवरी को कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे कनवास तिराहे पर नाकाबंदी की जा रही थी। उस समय झालावाड़ की तरफ से आ रही दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार को पुलिस की टीम ने रुकवाया। इस दौरान कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे 3 कट्टे (बैग) और पीछे की सीट पर साढ़े 3 कट्टे मिले। जिन्हें सफेद कपड़े से ढक रखा था। कार में कुल 116 किलो 580 ग्राम डोडा चूरा भरा हुआ था। झालावाड़ से जोधपुर ले जाई जा रही थी नशे की खेप उन्होंने बताया कि पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कार सवार युवकों अर्जुनराम (33) निवासी सियागो फंगालो का बास खोखरिया थाना बनाड़ जिला जोधपुर और धन्नाराम (28) निवासी गवालू थाना कुचेरा जिला नागौर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की खेप को इकलेरा झालावाड़ इलाके से लाना बताया, जिसे जोधपुर में सप्लाई किया जाना था। एक दिन पहले 47 किलो डोडा चूरा के साथ दो गिरफ्तार इससे पहले पुलिस ने पंजाब नंबर की बोलेरो को कनवास चौराहे रुकवाकर तलाशी ली थी। तलाशी में 47 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ था। जिस पर दो तस्कर शबीर खान (26) निवासी थाना गनजी चम्बा सिटी जिला हिमाचल प्रदेश और लियाकत अली (24 ) निवासी जमालपुर बस्ती थाना सिटीवन मलेरकोटला जिला संगरूर पंजाब को गिरफ्तार किया था।


