कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय स्कूल छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र कुलदीप 9वीं कक्षा में पड़ता था और मूल रूप से बारां जिले के अटरू का रहने वाला था। वह पिछले करीब दो वर्षों से अपनी मां और बहन के साथ कोटा के बोरखेड़ा इलाके की प्रोफेसर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। बोरखेड़ा थाना अधिकारी अनिल टेलर ने बताया कि घटना के समय छात्र की मां किसी काम से सिरोही गई हुई थी। घर पर कुलदीप और उसकी बहन मौजूद थे, लेकिन सुबह बहन स्कूल चली गई और कुलदीप घर पर अकेला रह गया। इसी दौरान उसने घर में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब कुलदीप ने फोन कॉल रिसीव नहीं किया तो मां को चिंता हुई। इसके बाद मां ने पड़ोसियों को फोन किया, जिन्होंने घर जाकर देखा तो छात्र फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की गहन जांच की। पुलिस को घटनास्थल से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। इसके बाद मृतक के शव को कोटा के एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में भिजवाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिया गया। अनिल टेलर ने बताया कि छात्र 9वीं कक्षा में पढ़ता था फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया।


