कोटा में JEN चयनित युवक चपरासी भर्ती परीक्षा देने पहुंचा:हाथ में बंधे धागे, कड़े, अंगूठियां निकलवाई गई; 2 लेयर में चेकिंग हुई, सुबह की पारी में 88.22 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित ग्रेड फोर्थ भर्ती परीक्षा का शनिवार को दूसरा दिन रहा। कोटा के उद्योग नगर क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी नगर के गवर्नमेंट स्कूल, नयापुरा इलाके में मौजूद जानकी देवी बजाज कन्या महाविद्यालय, कल मंडी इलाके में मौजूद कॉमर्स कॉलेजसहित विभिन्न केंद्रों पर अभ्यर्थी बड़ी संख्या में पहुंचे। परीक्षा को नकल मुक्त बनाने के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को दो लेयर में चेकिंग से गुजरना पड़ा। सबसे पहले पुलिस ने दस्तावेज़ जांचकर प्रवेश दिया, इसके बाद अंदर मेटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की कड़ी जांच हुई। उम्मीदवारों के हाथ में बंधे धागे, कड़े, अंगूठियां, नाक की लॉन्ग, कानों की बालियां, रुमाल और चाबियां तक बाहर ही रखवा ली गईं। यहां तक कि जूते भी बाहर उतरवाए गए। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ वीडियोग्राफी की गई और सीसीटीवी से निगरानी रखी गई। सुबह 9 बजे गेट बंद कर दिए गए और 10 बजे परीक्षा शुरू हुई, जो 12 बजे तक चली। सुबह की पारी की परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। 18052 में से 15925 अभ्यर्थियों ने ने परीक्षा दी। 88.22 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दूसरी पारी की परीक्षा 3 बजे शुरू हुई एक घंटा पहले 2 बजे परीक्षा का गेट बंद कर दिया गया। इंदिरा गांधी नगर केंद्र पर खास चर्चा का विषय बने सवाई माधोपुर से आए अभ्यर्थी अजय सिंह गुर्जर उन्होंने बताया कि वे पहले भी आठ प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो चुके हैं और चार-पांच में चयनित भी हुए हैं। फिलहाल उनका चयन जूनियर इंजीनियर (JEN) पद पर हो चुका है, अंतिम सूची आनी बाकी है। बीटेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके गुर्जर का कहना है कि उन्होंने पहले ही फोर्थ क्लास भर्ती का फॉर्म भर दिया था, इसलिए इस परीक्षा में भी सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा के पहले दिन 87% उपस्थिति दर्ज की गई। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने 40 अतिरिक्त बसें और रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाईं। इससे परीक्षार्थियों को अपने गंतव्य तक आने-जाने में परेशानी नहीं हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *