भगत सिंह सेना के प्रमुख नरेशा मीणा ने कहा- प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेला जा रहा है। लोकसभा स्पीकर और कोटा सांसद ओम बिरला के संरक्षण में हाड़ौती ही नहीं, पूरे राजस्थान का शोषण किया जा रहा है। बनास नदी की पूरी रेत पर अवैध कब्जा होने के कारण किसानों को मजबूरी में 10–12 हजार रुपए प्रति ट्रॉली की दर से रेत खरीदनी पड़ रही है। ओम बिरला जैसे शोषणकारी नेताओं से प्रदेश को मुक्त कराने और उनकी राजनीति को खत्म करने के लिए मैं पिछले डेढ़ साल से नंगे पैर घूम रहा हूं। मीणा देवली–उनियारा विधानसभा क्षेत्र के पागड़ी गांव में आयोजित कन्हैया पद दंगल कार्यक्रम में रविवार को पहुंचे थे। कोटा से आना वाला धन्ना सेठ लोगों को लूट रहा उन्होंने दंगल कार्यक्रम में आए लोगों से कहा- 2020-23 के पहले नरेश मीणा का जिक्र नहीं था। 2002 में मैं छात्रों की छात्रवृति के लिए लड़ा। मुझे युवा बच्चों का आशीर्वाद मिला। मोदी सरकार में अंबानी–अडानी देश को लूट रहे हैं, जिस तरह का शोषण अंग्रेजों के शासन में भी नहीं हुआ। कोटा से आने वाला एक धन्ना सेठ राजस्थान को लूट रहा है। आपका बेटा धन्ना सेठों से लग रहा है। आपका बेटा किसानों को आजादी दिलाने के लिए धन्ना सेठों से लड़ रहा है। शोषण की राजनीति से मुक्त कराऊंगा नरेश मीणा ने कहा- मैं आदिवासी नेता शिब्बू सोरेन जैसे क्रांतिकारी नेताओं से प्रेरणा लेकर किसानों और आम जनता की लड़ाई लड़ रहे हूं। जिस प्रकार शिब्बू सोरेन ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के आदिवासियों को महाजनों एवं धन्नासेठों के शोषण से मुक्त कराया, उसी प्रकार वे राजस्थान को पूंजीपतियों की शोषणकारी राजनीति से मुक्त कराएंगे। लाखों लोगों के साथ जयपुर कूच करूंगा नरेश मीणा ने कहा- डूंगरी बांध सहित प्रदेश के किसी भी कोने में किसानों और जनता के साथ अन्याय हुआ तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। यदि कोटड़ी मोड़ चौराहे पर होने वाले आंदोलन में सरकार ने मांगें नहीं मानीं, तो वहीं से लाखों लोगों के साथ जयपुर कूच किया जाएगा। डूंगरी बांध आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां बुजुर्ग माताएं–बहनें भी संघर्ष के लिए तैयार बैठी हैं और वे स्वयं जान हथेली पर रखकर जनता के हक के लिए लड़ रहे हैं। इस दौरान नरेश मीणा ने यह भी कहा कि भजनलाल सरकार उनके जनआंदोलन से घबराई हुई है, इसी कारण उन्हें दबाने के लिए साजिशें रची जा रही हैं। मुझे जेल भेजने का प्रयास किया जाएगा नरेश मीणा ने कहा- 4 फरवरी को न्यायालय में सुनवाई है और संभव है कि उनकी जमानत रद्द कराकर फिर से जेल भेजने का प्रयास किया जाए, लेकिन अब जनता जाग चुकी है। अगर मुझे जेल में भी डाल दिया गया तो जनता सड़कों पर उतरकर सरकार का विरोध करेगी। मैं डरने वाला नहीं हूं और न ही पीछे हटूंगा। यह लड़ाई हक और अधिकार की है, जिसे आखिरी दम तक लड़ा जाएगा। जन आंदोलन की अपील देवली–उनियारा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं, पुलिस प्रताड़ना एवं आम जनता के ज्वलंत मुद्दों के समाधान को लेकर सोंप के कोटड़ी मोड़ चौराहे पर विशाल जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को पीले चावल देकर जनआंदोलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर हक–अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की।


