कोडरमा के रांची-पटना मुख्य मार्ग एनएच 20 पर गुरुवार को एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास प्लास्टिक के जार से लदा ट्रक पलट गया। हादसे में चालक और उपचालक दोनों सुरक्षित हैं। ट्रक चालक खोखा दास ने बताया कि वह अपने ट्रक (डब्लू बी 25 जी 2657) में कोलकाता से प्लास्टिक के जार लेकर पटना जा रहे थे। कोडरमा घाटी में एक तीखे मोड़ पर एक गाड़ी खड़ी थी। चालक ने जब उस गाड़ी को क्रॉस करने की कोशिश की, तभी सामने से एक और ट्रक आ गया। दुर्घटना से बचने के लिए चालक ने ट्रक को दूसरी तरफ ले लिया। वहां मिट्टी गीली होने से ट्रक का पिछला पहिया फिसल गया और ट्रक पलट गया। चालक और सहायक ने समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। चालक ने बताया कि ट्रक में लदा सामान भी सुरक्षित है और बाहर नहीं गिरा। उन्होंने घटना की सूचना ट्रक मालिक को दे दी है।


