कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना मेन रोड स्थित कोडरमा घाटी में शनिवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। काली मंडा के पास स्कॉर्पियो और लोहे की छड़ लदी एक तेज रफ्तार ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर का उपचालक और स्कॉर्पियो में सवार तीन बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृत ट्रेलर चालक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी 35 वर्षीय सुबोध यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल उपचालक की पहचान नालंदा निवासी कपिलदेव चौधरी के रूप में हुई है। स्कॉर्पियो में सवार तीनों घायल बच्चियों में 16 वर्षीय साक्षी कुमारी, 14 वर्षीय अभियांशी कुमारी और 7 वर्षीय श्रद्धा साहनी शामिल हैं। तीनों पटना के फतुहा की रहने वाली हैं। रजरप्पा से वापसी के दौरान हुआ हादसा मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग शनिवार की सुबह फतुहा से रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा के लिए गए थे। पूजा के बाद देर रात वे वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो कोडरमा घाटी के काली मंडा के पास पहुंची, पीछे से आ रही लोहे की छड़ लदी ट्रेलर ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो आगे चल रही एक ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में स्कॉर्पियो के अगले और पिछले हिस्से को भारी क्षति पहुंची। पीछे की डिक्की में बैठीं तीनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उधर ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रेलर का उप चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कोडरमा सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। ट्रेलर चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह ट्रेलर की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए रांची-पटना मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर यातायात बहाल कराया।


