कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो वार्ड संख्या 17 में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव करीब एक सप्ताह पुराना है और पूरी तरह से सड़ी-गली अवस्था में मिला है। गुमो के वार्ड संख्या 20 में झखर महतो के मकान के पिछले हिस्से से काफी बदबू आ रही थी। स्थानीय लोग इसके कारण की तलाश कर रहे थे। मंगलवार को बगल के घर की छत पर खेल रहे एक बच्चे ने झखर महतो के घर के पीछे एक संकीर्ण गली में फंसे अधेड़ व्यक्ति को देखा। उसका चेहरा पूरी तरह से गला हुआ था। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना झखर महतो के भतीजे को फोन पर दी। सूचना मिलते ही भतीजा घर पहुंचा और छत पर जाकर देखा तो पाया कि एक अधेड़ व्यक्ति संकीर्ण जगह में फंसा हुआ है। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। शव की स्थिति से अनुमान लगाया जा रहा है कि यह घटना एक सप्ताह पहले घटित हुई होगी। प्रारंभिक जांच में ऐसा माना जा रहा है कि यह व्यक्ति मकान के पिछले हिस्से से प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था और पांव फिसलने से वहां फंस गया। मकान की छत पर बनी ईंट की रेलिंग का एक छोटा टुकड़ा भी टूटा हुआ मिला है। इससे संकेत मिलता है कि वह व्यक्ति छत पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था और अनियंत्रित होकर गली में फंस गया। पुलिस अभी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


