कोडरमा थाना क्षेत्र के गिरिडीह रोड पर स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह युवक बीते एक सप्ताह से इस मार्ग से गुजरने वाली छात्राओं को परेशान कर रहा था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भी ये मनचले लड़के तय स्थान पर खड़े थे। जैसे ही स्कूली छात्राएं वहां से गुजरीं, उन्होंने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस बार छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, जिससे शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। दो युवक मौके से फरार होने में सफल रहे लोगों को आता देख मनचले युवक भागने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य युवक मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए युवक की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी आशीष कुमार, पिता बनेश्वर यादव के रूप में हुई है। फरार हुए युवकों की पहचान गिरिडीह रोड निवासी आकाश पासवान और पवन पासवान के तौर पर की गई है। स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के संबंध में कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके साथ इस तरह का कोई व्यवहार होता है, तो वे तुरंत थाने में शिकायत करें। थाना प्रभारी ने ऐसे मार्गों पर विशेष गश्त का भी आश्वासन दिया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की इस संयुक्त कार्रवाई से मनचलों के बढ़ते हौसलों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


