कोडरमा जिले में हाथियों का आतंक जारी है। जयनगर थाना क्षेत्र के कोसमाडीह गांव में एक और घटना सामने आई है। सुबह 4:30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली 55 वर्षीय अनिता देवी को हाथी ने कुचल दिया। अनिता देवी छोटू लाल यादव की पत्नी थीं। मृतका के पुत्र दिनेश यादव ने बताया कि उनकी मां को रास्ते में हाथी दिख गया। वह भागने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन सफल नहीं हो पाईं। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर हाथी वहां से भाग गया। 13 मई को भी हो चुकी है मौत इससे पहले 13 मई को जयनगर थाना क्षेत्र के सतडीहा गांव में एक और घटना हुई थी। शादी समारोह से लौट रहे 62 वर्षीय एक व्यक्ति को हाथी ने कुचल दिया था। इस तरह 15 दिनों में हाथियों ने दो लोगों की जान ले ली है। क्षेत्र में हाथियों का झुंड पहले से ही किसानों की फसलें नष्ट कर रहा था। लोगों के घरों में रखे अनाज को भी बर्बाद कर रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग हाथियों को भगाने में असफल रहा है। परिजन वन विभाग से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। साथ ही हाथियों के झुंड को इस क्षेत्र से बाहर निकालने की मांग भी कर रहे हैं।


