कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। कोलकाता से कौआकोल (बिहार) जा रही राजा डीलक्स बस और कोयला लदे ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में बस के केबिन में बैठे 4 यात्री घायल हुए हैं। बस में करीब 35-40 यात्री सवार थे। अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना में ट्रक चालक भी बाल-बाल बच गया। ओवरटेक करने के दौरान हादसा यात्रियों के मुताबिक, हजारीबाग से बिहार जा रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान बस बेकाबू हो गई और दोनों वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर में बस का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। बाकी यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। आए दिन होती रहती है दुर्घटना स्थानीय लोगों के अनुसार, झुमरीतिलैया के एनएच-20 पर महाराणा प्रताप चौक से सुभाष चौक तक अक्सर वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाते हैं। इस वजह से यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पिछले एक महीने में इस लोकेशन पर कई दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी गई है। जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाती है, लेकिन इसका वाहन चालकों पर कोई असर नहीं होता।


