कोडरमा जिले के सदर अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। यहां प्रसूति वार्ड में भर्ती महिलाओं से यह कहकर 500-500 रुपए वसूले गए कि बच्चा पैदा होने के बाद उनके खाते में सरकार की ओर से मोटी रकम आएगी। आरोपी महिला और पुरुष ने खुद को सरकारी योजना से जुड़ा बताते हुए महिलाओं को गुमराह किया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब महिलाओं और उनके परिजनों को इस दावे पर संदेह हुआ और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी। मरीजों और परिजनों ने पकड़ा, पुलिस के हवाले किया सदर अस्पताल में भर्ती महिलाओं के अभिभावकों ने एक महिला और एक पुरुष को रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों की पहचान करमा निवासी नरेश कुमार और शैंकी कुमारी के रूप में हुई है। महिलाओं ने बताया कि शैंकी और नरेश सुबह वार्ड में आए। सभी महिलाओं से 500-500 रुपए जमा करने को कहा। पूछने पर शैंकी ने दावा किया कि सरकार की एक नई योजना आई है, जिसके तहत लड़की के जन्म पर 10 हजार और लड़के के जन्म पर 5 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए खाता चालू कराने के नाम पर तत्काल 500 रुपए जमा कराने की बात कही गई। पूछताछ में सामने आया ठगी का नेटवर्क जब महिलाओं और उनके साथ आए रिश्तेदारों को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी। प्रबंधन ने दोनों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें पूनम और संगीता नाम की दो महिलाओं का फोन आया था। इन महिलाओं ने नौकरी दिलाने के नाम पर नरेश और शैंकी से 20 हजार रुपए लिए थे। साथ ही सदर अस्पताल में प्रसूति के लिए आई महिलाओं से 500-500 रुपए लेने को कहा गया था और बदले में तनख्वाह देने का वादा किया गया था। पूछताछ के बाद अस्पताल प्रबंधन ने दोनों को कोडरमा पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल प्रबंधन पहले से था सतर्क इस पूरे मामले पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. रंजीत कुमार ने बताया कि पिछले 3-4 दिनों से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं। इसे लेकर अस्पताल कर्मियों और मरीजों को पहले ही सतर्क कर दिया गया था कि अगर कोई व्यक्ति पैसे के लेनदेन की बात करे तो तुरंत प्रबंधन को सूचित करें। आज शिकायत पुख्ता होने पर सुरक्षा गार्ड की मदद से दोनों को पकड़ा गया और पुलिस के हवाले किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और ठगी के पीछे के नेटवर्क को खंगालने की कोशिश कर रही है।


