कोतरलिया-किरोड़ीमल के बीच चौथी लाइन पर स्पीड ट्रायल

भास्कर न्यूज | रायगढ़ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में नई रेल लाइन निर्माण, दोहरीकरण व तृतीय-चतुर्थ रेल लाइन परियोजनाओं का काम जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर- झारसुगुड़ा रेल खंड के बीच करीब 206 किमी लंबी चौथी रेल लाइन का चरणबद्ध निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के तहत कोतरलिया से रायगढ़ और रायगढ़ से किरोड़ीमल नगर भूपदेवपुर स्टेशन के बीच 26.1 किमी लंबी नई चौथी रेल लाइन का काम पूरा कर लिया गया है। इंटरलॉकिंग सहित सभी तकनीकी कामों की पूर्णता के बाद दक्षिण पूर्व सर्किल आयुक्त, रेलवे सेफ्टी बीके मिश्रा की ओर से 29-30 जनवरी को इस नई चौथी लाइन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत भूपदेवपुर स्टेशन से की गई। इस दौरान आयुक्त मिश्रा ने स्टेशन केबिन, पैनल रूम व यार्ड का निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद निरीक्षण दल के साथ भूपदेवपुर से कोतरलिया स्टेशन तक मोटर ट्रॉली से नई चौथी लाइन की जांच की। इस अवसर पर आयुक्त के साथ अपर महाप्रबंधक एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन सहित मुख्यालय, निर्माण संगठन, मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने इंटरलॉकिंग प्रणाली, प्वाइंट व क्रॉसिंग, ओएचई, पुल, समपार फाटक, सिग्नलिंग उपकरणों सहित परिचालन व संरक्षा से जुड़े समस्त पहलुओं का निरीक्षण किया। इसके बाद कोतरलिया से भूपदेवपुर स्टेशन के बीच ओएमएस कोच के साथ हाई स्पीड ट्रेन चलाकर स्पीड ट्रायल भी किया गया। आयुक्त, रेलवे सेफ्टी से अंतिम स्वीकृति के बाद नई चौथी रेल लाइन पर सवारी-मालगाड़ियों का परिचालन शुरू होगा। जिससे यात्रियों को सुविधा होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *