सिंगरौली में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (एनएच-39) की जर्जर हालत और कोयले की धूल से फैल रहे प्रदूषण के विरोध में बुधवार को महिलाओं ने गोरबी-बरगवां मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों तक बाधित रहा। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, टूटी हुई सतह प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, टूटी हुई सतह और बिखरी निर्माण सामग्री के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। भारी कोल वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल लोगों के लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन गई है। प्रदर्शनकारी महिलाएं बोलीं-धूल से सांस लेने में होती है परेशानी महिलाओं के अनुसार, धूल के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है, जिसका सीधा असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क किनारे स्थित महावीर कोल वॉशरी से उड़ने वाली कोयले की धूल प्रदूषण को और बढ़ा रही है। नियमों के बावजूद वॉशरी द्वारा नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे आसपास के इलाकों में स्थिति बदतर हो गई है। महिलाएं बोलीं- अधिकारी, जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देते हैं प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे सड़क की मरम्मत और धूल नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से कई बार मांग कर चुके हैं। हालांकि, हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। इसी मजबूरी के चलते उन्हें सड़क जाम करने का कदम उठाना पड़ा। सूचना मिलने पर गोरबी पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने जल्द ही सड़क की मरम्मत, पानी के छिड़काव और प्रदूषण नियंत्रण के उपाय करने का आश्वासन दिया है। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था।


