कोरबा कलेक्टर के निरीक्षण में प्रबंधक निलंबित:धान खरीदी में अव्यवस्था पर कार्रवाई, दूसरे को नोटिस जारी

कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोरबा और करतला विकासखंड के अलग-अलग उपार्जन केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर तिलकेजा समिति प्रबंधक को निलंबित किया गया, जबकि चिकनीपाली प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर ने भैंसमा, तिलकेजा और चिकनीपाली उपार्जन केंद्रों में चल रही खरीदी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने समिति प्रबंधक और फड़ प्रभारियों से अब तक हुई खरीदी, पंजीकृत किसानों की संख्या, जारी टोकन, धान उठाव और बारदाना उपलब्धता की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान धान का नमी परीक्षण और वजन कराकर भौतिक सत्यापन भी किया गया। कलेक्टर ने किसानों से किया संवाद, खरीदी व्यवस्था की समीक्षा कलेक्टर ने किसानों से संवाद कर टोकन प्राप्ति की प्रक्रिया, केंद्रों में उपलब्ध सुविधाएं, खेती की स्थिति और धान की किस्मों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पात्र किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। अमानक धान मिलने पर तत्काल जब्ती के निर्देश भैंसमा समिति के निरीक्षण में एक किसान के पास पुराना और अमानक स्तर का धान पाया गया। कलेक्टर ने तत्काल अमानक धान को जब्त करने के निर्देश दिए। तिलकेजा उपार्जन केंद्र में खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अव्यवस्थाएं मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। लापरवाही पर समिति प्रबंधक निलंबित करने के निर्देश कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में समिति प्रबंधक दुल्ली चंद धीवर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। इसी केंद्र पर धान बेचने आए किसान युवराज सिंह के धान का प्रशासनिक टीम ने भौतिक सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि किसान के पास बिचौलिये से प्राप्त अवैध धान भी विक्रय के लिए था। नियमों के उल्लंघन पर समिति प्रबंधक को नोटिस जारी टीम ने नियमानुसार उस धान को मौके पर ही जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की। चिकनीपाली उपार्जन केंद्र में कलेक्टर ने किसानों से खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। केंद्र में सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान बिना पलटी किए धान की खरीदी किए जाने पर समिति प्रबंधक अजय कुमार को नोटिस जारी कर उन्हें खरीदी कार्य से पृथक रखने के निर्देश दिए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *