कोरबा के चचिया धान केंद्र में घुसा हाथी:कर्मचारियों में अफरा-तफरी, वन विभाग ने जंगल की ओर खदेड़ा

कोरबा जिले के चचिया धान खरीदी केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक एक दंतैल हाथी केंद्र में घुस आया। हाथी के आने से केंद्र में मौजूद कर्मचारी और किसान दहशत में आ गए। हालांकि, समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी के आने की खबर फैलते ही धान खरीदी केंद्र में काम कर रहे कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ कर्मचारियों ने धान को सुरक्षित करने के प्रयास में हाथी को खदेड़ने की कोशिश भी की। हाथी कभी धान के ढेर की ओर बढ़ता तो कभी केंद्र में घूमता रहा, जिससे तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में हाथी पहुंचे हों। इससे पहले भी कई बार हाथियों का झुंड या अकेला दंतैल हाथी धान खरीदी केंद्र और आसपास के गांवों तक आ चुका है। ये हाथी अक्सर केंद्र में घुसकर धान खा जाते हैं, जिससे किसानों और कर्मचारियों में लगातार भय बना रहता है। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची हाथी की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई। कई गांवों में लोग रातभर जागकर रतजगा करने को मजबूर हुए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। मामले की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई। विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा गया काफी मशक्कत के बाद हाथी को मंडी क्षेत्र से खदेड़कर सुरक्षित जंगल की ओर भेजा गया। वन विभाग के अनुसार, यह दंतैल हाथी अपने झुंड से अलग होकर विचरण कर रहा है, जिस कारण वह बार-बार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *