रायपुर के अग्रसेन धाम में 19-20 नवंबर 2025 को आयोजित ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में कोरबा जिला टीम ने कुल 32 पदक जीते। इन पदकों में 5 स्वर्ण, 6 रजत और 21 कांस्य शामिल हैं। खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर कोरबा और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। यह प्रतियोगिता कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन (KIO) के नियमों और मानकों के अनुसार आयोजित की गई थी। एशियन क्वालिफाइड रेफरियों की देखरेख में इसका सफल संचालन हुआ। इस राष्ट्रीय आयोजन का संचालन सेइको-काई कराटे-डो एसोसिएशन और भारत कराटे एकेडमी द्वारा किया गया। पदक जीतने वालों में ये खिलाड़ी शामिल स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में अर्णव यादव, मिया फ्रांसिस अलापट्ट, जैस्मिन कुर्रे, वंश सिंह राठौर और भविष्य राज शामिल हैं। रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में युवराज गोगोई, अर्चना सारथी, एंजेल यादव, अमन टोप्पो, कुनाल पुरी गोस्वामी और अनुराधा पटेल ने सफलता हासिल की। वहीं, कांस्य पदक जीतने वाले 21 खिलाड़ी हैं: मुद्रा श्रीवास्तव, आर्या सेठी, अंशिका अग्रवाल, स्वाति ओगरे, पूर्विका आदिले, वान्या राठौर, पारस बंजारे, रूचि रहांगडाले, शामिर जोएल कुमार, लोमश प्रसाद सिन्हा, आदित्य सारथी, खुशाल सिंह राठौर, एम. डी. फरहान रज़ा, अर्घ्य सिंह, फ्रांसिस कुजूर, गुंजन देवांगन, रोहन श्रीवास, यश प्रजापति, नेवान आर. पिल्लै और समीर कंवर। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले से कुल 32 खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और भार वर्गों की कुमिते स्पर्धाओं में भाग लिया। कोरबा लौटने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद कोरबा लौटने पर खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान गाजे-बाजे, पुष्पवर्षा और तिलक लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अभिभावक, खेलप्रेमी और प्रशिक्षक खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्न दिखे। कोरबा जिला टीम का नेतृत्व कोरबा जिला कराटे-डो खेल संघ के अध्यक्ष अविनाश बंजारे ने किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के कई जिलों से खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन इस बार कोरबा जिले का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। अध्यक्ष अविनाश बंजारे ने कहा, ‘खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भरता है, और हमारे खिलाड़ी इसका श्रेष्ठ उदाहरण हैं।’ रायपुर में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टंक राम वर्मा और प्रतियोगिता के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिहान भारत शर्मा उपस्थित रहे।


