कोरबा में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई:72 वाहनों से वसूला 21,600 रुपए जुर्माना, टीपी नगर-बुधवारी में शाम को जाम की स्थिति

कोरबा पुलिस ने शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। नो पार्किंग जोन में खड़े 72 वाहनों पर कार्रवाई कर 21,600 रुपए का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने टीपी नगर, राताखार, सीएसईबी चौक और ट्रांसपोर्ट नगर में यह अभियान चलाया। पुलिस का यह अभियान शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी जारी रहेगा। शहर में शाम के समय कई जगहों पर जाम की स्थिति बनती है। बस स्टैंड के पास गीतांजलि भवन क्षेत्र में लोग सड़क पर अनियमित तरीके से वाहन खड़े करते हैं। सुनालिया पावर हाउस मार्ग पर फाटक बंद होने के बाद यातायात बाधित होता है। इसका असर शारदा विहार और टीपी नगर तक देखा जाता है। बुधवारी में जैन चौक मुख्य मार्ग पर बाजार के दिन लोग बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करते हैं। यहां अलग से पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद समस्या बनी हुई है। निहारिका मार्ग पर भी दुकानों के सामने और सड़क किनारे खड़े वाहनों से जाम लगता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें। अवैध पार्किंग से न केवल आम यातायात बाधित होता है, बल्कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं में भी परेशानी होती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *