कोरबा में सर्वमंगला कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। घटना बरमपुर मोड़ के पास हुई। ट्रेलर चालक कोरबा से कुसमुंडा खदान कोयला लोड करने जा रहा था। चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर नाश्ता करने गया था। इसी दौरान खड़े वाहन में आग लग गई। हल्की बारिश के कारण आग और तेज हो गई। घटनास्थल के पास कई अन्य ट्रक भी खड़े थे। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दमकल को सूचित किया। सुरक्षा के लिए आसपास खड़े वाहनों को हटाया गया। लोगों को भी घटनास्थल से दूर रहने को कहा गया। घटना को देख कर कई लोग वीडियो बनाने लगे। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बन रही थी। पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया। पुलिस के अनुसार, समय रहते कार्रवाई की गई, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।


