कोरबा जिले में धान खरीदी के बीच अवैध और खराब धान की बिक्री पर प्रशासन सख्त है। 22 दिसंबर को दादरखुर्द धान खरीदी केंद्र पर तहसीलदार ने 129 क्विंटल खराब धान वापस लौटा दिया। वहीं, बिंझरा समिति के पास से 48 कट्टी अवैध धान जब्त किया गया है। दादरखुर्द केंद्र पर किसान पाल सिंह डहरिया 129 क्विंटल धान बेचने पहुंचे थे। मौके पर जांच के बाद तहसीलदार ने इसे खराब बताकर वापस कर दिया और किसान को साफ धान लाने की सख्त हिदायत दी। संशोधन के बाद दोबारा टोकन जारी होगा तहसीलदार ने केंद्र का मुआयना कर बताया कि वहां किसी प्रकार की अनियमितता या किसानों को असुविधा नहीं हो रही है और खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है। पाल सिंह डहरिया के 129 क्विंटल धान का भौतिक सत्यापन कर संशोधन के बाद दोबारा टोकन जारी किया जाएगा। जिला प्रशासन अवैध धान की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार सक्रिय है। इसके लिए जिले में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो निरंतर निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने पहले भी अवैध धान खरीदी और भंडारण पर कार्रवाई की है। दूसरे मामले में 48 कट्टी धान जब्त इसी कड़ी में, बिंझरा समिति के नोडल अधिकारी दीपक सिंह ने ग्राम भांवर के पास एक छोटे पिकअप वाहन से अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 48 कट्टी धान को जब्त किया। जब्त धान को वाहन सहित भांवर के सरपंच के सुपुर्द किया गया था। नायब तहसीलदार और सहायक खाद्य अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा ने विधिवत कार्रवाई करते हुए जब्त धान को थाना बांगो को सौंप दिया। जांच के दौरान ग्राम बिंझरा निवासी शंभूशरण सिंह ने इस 48 कट्टी धान को अपना बताया। शंभूशरण सिंह की भूमि के अनुसार धान की मात्रा का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें 140 कट्टी के विरुद्ध केवल 132 कट्टी धान पाया गया। इसके अतिरिक्त, जब्त 48 कट्टी धान के संबंध में संबंधित व्यक्ति कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।


