कोरबा में जर्जर पुल पर हादसे में युवक की मौत:दो साथी घायल, गड्ढों से बचते समय स्कूटी का संतुलन बिगड़ा और रेलिंग का टकराया

कोरबा में नव वर्ष का पहला सड़क हादसा सामने आया है। गुरुवार देर रात बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी-उपरोड़ा इलाके में तान नदी पर बने गुरसिया पुल पर हुए एक हादसे में पुरानी बस्ती कोरबा के एक युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसके दो साथी घायल भी हुए हैं। जानकारी के अनुसार, वार्ड 5 देवांगन पारा निवासी पान व्यवसायी सुरेश कुमार श्रीवास के 21 वर्षीय पुत्र प्रकाश श्रीवास गुरुवार को अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर परला जा रहे थे। वे गुरसिया मार्ग से गुजर रहे थे। संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा बताया गया है कि गुरसिया पुल काफी जर्जर और गड्ढों से भरा हुआ है। पुल से गुजरते समय गड्ढों से बचने की कोशिश में उनकी स्कूटी अचानक गड्ढे में गिर गई। इससे संतुलन बिगड़ा और स्कूटी सहित तीनों युवक पुल की रेलिंग से जा टकराए। हादसे में प्रकाश श्रीवास और उसके साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे। रात में डायल 112 को सूचना मिली कि पुल पर तीन लोग घायल पड़े हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उन्हें केवल प्रकाश मिला, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती दौर में शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस पहचान का प्रयास करती रही। मृतक के मोबाइल से परिजनों को मिली जानकारी हादसे में प्रकाश के दो अन्य साथी भी घायल हुए थे। हादसे के बाद वे गुरसिया में ही रुक गए और उन्होंने न तो पुलिस को और न ही परिजनों को घटना की सूचना दी। बाद में मृतक के मोबाइल से उनके बारे में जानकारी मिली। जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े चिंताजनक हैं। वर्ष 2023 में 644 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 340 लोगों की मौत हुई और 566 लोग घायल हुए। वर्ष 2024 में 8396 प्रकरण सामने आए, जिनमें 402 लोगों की जान गई और 693 लोग घायल हुए। इसी तरह, वर्ष 2025 में 885 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 374 लोगों की मौत हुई और 770 लोग घायल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *