कोरबा में ट्रेलर ने 21 बिजली खंभे तोड़े:ग्रामीणों ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, 3 गांवों में छाया अंधेरा

कोरबा में शनिवार रात एक राखड़ से भरे ट्रेलर ने दादर-ढेलवाडीह मेन रोड पर 21 बिजली के खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद दादर, ढेलवाडीह और रापाखर्रा गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे तीनों गांवों में अंधेरा छा गया। ढेलवाडीह निवासी राधेराव कश्यप ने बताया कि रात करीब 2 बजे उन्हें शॉर्ट सर्किट की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो सड़क पर बिजली के तार बिखरे पड़े थे, खंभे टूटे हुए थे और पेड़ भी क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर आ गिरे थे। ट्रेलर चालक मौके से फरार हो रहा था, जिसे ग्रामीणों ने गांव से आगे पकड़कर मानिकपुर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीण आनंद तिर्की के अनुसार, ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। ट्रेलर का बूम ऊपर उठा हुआ था, जिससे वह बिजली के खंभों से टकराता चला गया। ट्रेलर में फंसे बिजली तार, एक के बाद एक 21 खंभे टूटे बिजली के तार ट्रेलर में फंस गए और वाहन आगे बढ़ता गया, जिससे एक के बाद एक लगभग 21 खंभे टूट गए। ग्रामीण सियाराम ने बताया कि इस घटना के कारण तीनों गांवों में बिजली गुल हो गई, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भारी वाहनों से बढ़ा खतरा, चालक गिरफ्तार ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ढेलवाडीह, दादर और नकटीखार मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव अधिक रहता है। राखड़ से भरे वाहन दिन-रात तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे नियमों का उल्लंघन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते। मानिकपुर चौकी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *